भादर (अमेठी)। आठवें ओपन नेशनल एथलेटिक्स गेम्स में जिले के दो खिलाड़ियों ने परचम लहराया है। दोनों ने गोल्ड मेडल हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।
युवा खेलकूद महासंघ उत्तर प्रदेश की ओर से चार व पांच जनवरी को आगरा के गोवर्धन रेलवे स्टेडियम में आयोजित आठवें ओपन नेशनल एथलेटिक्स गेम्स में भादर ब्लॉक क्षेत्र के पीपरपुर गांव निवासी सत्यम मौर्य ने 1500 मीटर दौड़ चार मिनट 35 सेकंड में पूरी कर गोल्ड मेडल जीता है।
पीपरपुर के ही रोहित यादव ने भी 3000 मीटर दौड़ 10 मिनट 13 सेकंड में पूरी कर गोल्ड मेडल प्राप्तकर क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश सहित कई प्रांत के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। दो खिलाड़ियाें के गोल्ड मेडल हासिल करने पर रवींद्र सिंह, डॉ. लाल सिंह, रन बहादुर सिंह, राम शरण यादव, बृजेश यादव, सुनील सिंह आदि ने शुभकामनाएं दी हैं।