अमेठी सिटी। भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष के नामांकन और चुनाव प्रक्रिया की कार्यशाला मंगलवार को हुई। जिसकी अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष राम प्रसाद मिश्र ने की एवं मुख्य अतिथि के रूप में जिला चुनाव अधिकारी अवधेश पांडेय बादल रहे।
जिला चुनाव अधिकारी अवधेश पांडेय बादल ने भाजपा जिलाध्यक्ष अमेठी के लिए नामांकन प्रक्रिया एवं चुनाव प्रक्रिया को विस्तार पूर्वक बताया। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए नामांकन 10 जनवरी को भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर सुबह 11 से लेकर एक बजे तक किया जाएगा, जिसमें सभी प्रत्याशी जिलाध्यक्ष पद के लिए नामांकन करेंगे। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
कहा कि विपक्षी पार्टियों ने संविधान में कई संशोधन करके इमरजेंसी लगा करके सैकड़ों चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त करके हमेशा से संविधान का गला घोंटने का काम किया है। विपक्ष की ओर से फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करने के लिए भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता गांव-गांव जाएंगे। हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान विषय पर गोष्ठी आयोजित करेंगे। निबंध व भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन कराया जाएगा। यह कार्यक्रम 12 जनवरी से शुरू होकर 25 जनवरी तक चलेगा।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सुधांशु शुक्ल ने किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से किसान मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष काशी तिवारी, पूर्व जिला अध्यक्ष दयाशंकर यादव, उमाशंकर पांडेय, चंद्रमौलि सिंह, नगर पालिका गौरीगंज अध्यक्ष प्रतिनिधि दीपक सिंह, आशा बाजपेयी, मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण सिंह, गौरव श्रीवास्तव, अनोखे लाल आदि मौजूद रहे।