अमेठी सिटी। जिले की वर्तमान डीएम निशा अनंत का तबादला आयुष मिशन निदेशक के पद पर हो गया है। वहीं, सहारनपुर नगर आयुक्त संजय चौहान अमेठी जिले के नए डीएम होंगे।
जिले की कमान 31 जनवरी 2024 को संभालने वाली जिलाधिकारी निशा अनंत ने 439 दिनों तक अमेठी में प्रशासनिक जिम्मेदारी निभाई। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने लोकसभा चुनाव जैसे बड़े आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया और जिले में कई अहम योजनाओं को गति दी।
निशा अनंत के कार्यकाल को खासतौर पर लोकसभा चुनाव के दृष्टिकोण से चुनौतीपूर्ण माना गया, क्योंकि यह वीआईपी सीट केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी और कांग्रेस प्रत्याशी किशोरीलाल शर्मा के बीच कड़े मुकाबले के चलते सुर्खियों में रही, लेकिन डीएम निशा ने चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया। कलेक्ट्रेट परिसर को नए और अस्थायी भवन में स्थानांतरित करने में उन्होंने अपनी दृढ़इच्छा शक्ति दिखाई। सड़कों में हो रहे भ्रष्टाचार से लेकर कार्यदायी संस्थाओं की मनमानी के खिलाफ उन्होंने सख्त कदम उठाए।
हाल ही में एक बैठक में जनप्रतिनिधियों और डीएम के बीच हुआ विवाद भी चर्चाओं में रहा, हालांकि यह मामला सार्वजनिक मंच पर खुलकर सामने नहीं आया। अपने कार्यकाल के अंतिम दिन उन्होंने ऊर्जा निगम के कार्यालय का औचक निरीक्षण कर लापरवाही बरतने वाले अफसरों व कर्मचारियों पर कार्रवाई की। निशा अनंत लगातार प्रशासनिक स्तर पर सक्रिय रहीं।