अमेठी सिटी। यूपी बोर्ड परीक्षा शनिवार को इंटर के संस्कृत व हाईस्कूल के उर्दू समेत कई अन्य विषयों की परीक्षा के समाप्त हुई। परीक्षा के अंतिम दिन इंटर के संस्कृत विषय की परीक्षा में परीक्षार्थी संधि, समास और विभक्तियों के प्रश्नों में उलझे।
परीक्षा के बाद परीक्षार्थी अब परिणाम घोषित होने का इंतजार करने के साथ तनाव से मुक्ति मिलने से खुश नजर आए। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने भी सकुशल व नकल विहीन परीक्षा संपन्न होने के बाद राहत की सांस ली।
22 फरवरी से जिले के 83 केंद्रों पर शुरू हुई हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा शनिवार को समाप्त हो गई। शनिवार को अंतिम दिन पहली पाली में हाईस्कूल के उर्दू विषय में पंजीकृत 347 में 323 परीक्षा में शामिल हुए तो 24 ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में ही इंटर के आशुलिपि टंकण में पंजीकृत 94 में 92 तथा एनटीटी में पंजीकृत 113 में 113 ने परीक्षा दी। रेडियो टेलीविजन में पंजीकृत 99 में एक परीक्षार्थी ने परीक्षा छोड़ दी। टंकण हिन्दी व अंग्रेजी में पंजीकृत 13 में सभी ने परीक्षा दी। रंगीन फोटोग्राफी में पंजीकृत 21 में 18, आटोमोबाइल में पंजीकृत 39 में 36 परीक्षार्थी शामिल हुए। फसल सेवा सुरक्षा व पुस्तकालय में पंजीकृत एक-एक में सभी परीक्षार्थी मौजूद रहे। परिधान साज सज्जा में पंजीकृत नौ में सभी परीक्षा में शामिल हुए। फल एवं खाद्य संरक्षण में पंजीकृत 47 में एक ने परीक्षा छोड़ी।
दूसरी पाली में इंटर के संस्कृत में पंजीकृत 806 में 789 परीक्षार्थी शामिल हुए। 17 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। संस्कृत के सवालों ने विद्यार्थियों को खूब उलझाया। संधि, समास और विभक्तियों से जुड़े सवाल पर परीक्षार्थी फंस गए।
परीक्षार्थी अनुज कुमार ने कहा कि पेपर कुछ कठिन आया था, लेकिन पूर्व में तैयारी करने से प्रश्नों का उत्तर लिखने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई। रमन ने कहा कि दीर्घ उत्तरीय प्रश्न बहुत बड़े थे। समय खत्म होने से याद रहते हुए भी एक प्रश्न छूट गया। फिलहाल परिणाम अच्छा आएगा।
शुचिता पूर्ण ढंग से संपन्न हुई परीक्षा
डीआईओएस रीता सिंह ने बताया कि 83 केंद्रों पर शनिवार को बोर्ड परीक्षा समाप्त हो गई। संपूर्ण परीक्षा अफसरों व शिक्षकों के सहयोग से शुचिता पूर्ण ढंग से सचिव के निर्देशानुसार संपन्न हुई।