अमेठी। स्थानीय लोगों व राहगीरों की बहु प्रतीक्षित मांग पूरी होने पर लोगों में खुशी का माहौल है। बारामासी बंद रेलवे क्रॉसिंग पर अंडर पास स्वीकृत होने की जानकारी मिलने के बाद लोगों ने मिठाई बांटी। गौरतलब हो कि लखनऊ वाराणसी रेल खंड स्थित बंद 106 एलसी बारामासी क्रासिंग और बिराहिमपुर क्रॉसिंग पर अंडर पास की मांग को लेकर स्थानीय लोग लंबे समय से आंदोलित थे। कई बार स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों और रेल अधिकारियों को ज्ञापन देने के साथ ही प्रदर्शन भी किया था। बारामासी क्राॅसिंग पर अंडर ब्रिज निर्माण की लागत एक करोड़ 6,11,9710 रुपए तो बिराहिमपुर क्रॉसिंग पर अंडर ब्रिज निर्माण की लागत एक करोड़ 61 लाख 19 हजार 710 रुपए अंकित कर बोर्ड लगा दिया गया। इसके साथ ही निर्माण कार्य पूर्ण करने की अवधि छह माह निर्धारित की गई।
शनिवार की सुबह बारामासी रेलवे क्रॉसिंग पर स्थानीय निवासी धर्मेंद्र शुक्ल, ओम प्रकाश शुक्ल, तालुकदार पाठक, हरिश्चंद्र पांडेय, दीपक शुक्ल, राजकुमार तिवारी, दीपक मिश्र, मुन्ना सिंह, अशोक सिंह, राम जतन यादव, अजीत सिंह, लल्लन मौर्या, मुकेश सिंह, आशीष जायसवाल, हरीराम आदि ने मिठाई बांटकर खुशी जताई और सांसद का धन्यवाद जताया। धर्मेंद्र शुक्ल, दीपक शुक्ल, ओम प्रकाश शुक्ल व हरिश्चंद्र पांडेय ने कहा कि कई दर्जन गांवों एवं हजारों राहगीरों और स्कूली बच्चों की समस्याओं का केंद्रीय मंत्री ने ध्यान रखा और उसका निस्तारण कराया।