मुसाफिरखाना (अमेठी)। स्थानीय थाने के धरौली गांव में पोस्टमास्टर के घर धावा बोलकर फायरिंग करने के आरोपी युवक को पुलिस ने बुधवार की देररात मुठभेड़ में दबोच लिया है। मुठभेड़ के दौरान हुई जवाबी फायरिंग में पुलिसकर्मी गोली से बाल बाल बच गया। जबकि, गिरफ्तार आरोपी गोली से जख्मी हुआ है। इसी बीच एक बदमाश पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा है।
मुसाफिरखाना कस्बे के धरौली गांव निवासी डाकघर के पोस्टमास्टर सुशील कुमार सिंह के बेटे की वर्ष 2022 में हत्या कर दी गई थी। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसी मामले में सुलह को लेकर हत्या आरोपियों ने चार दिन पूर्व सुशील कुमार सिंह के घर पर फायरिंग की थी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक, सूचना मिलने पर आरोपियों को पकड़ने के लिए बुधवार रात मोइनुद्दीनपुर पुलिया के पास चेकिंग शुरू की गई। रसूलाबाद की ओर से एक बाइक पर दो लोग आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उनको रोकने की कोशिश की तो आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायर किया। मुठभेड़ में सिपाही रूपेश यादव बदमाशों की गोली से बाल-बाल बच गया, जबकि पुलिस की फायरिंग में सुल्तानपुर जिले के बंधुआकला थाना क्षेत्र के ककरहिया गांव निवासी संदीप यादव घायल हुआ, उसके पैर में गोली लगी है। इसी बीच अंधेरे का फायदा उठाते हुए सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र के अशरफपुर गांव निवासी लकी यादव बचकर भाग निकला।
आरोपी पर पांच मुकदमे हैं दर्ज
घायल संदीप को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। आरोप है कि उसके कब्जे से एक बाइक, एक 12 बोर तमंचा, दो कारतूस, एक खोखा बरामद हुआ है। मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी पर पांच मुकदमे हैं। इंस्पेक्टर विवेक सिंह ने बताया कि आरोपी का उपचार कराने के बाद उसका चालान कोर्ट भेजते हुए अन्य की तलाश की जा रही है। जल्द ही अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर मामले में कार्रवाई की जाएगी।