सरस मेले में डीएम संजय चौहान को मूंज उत्पाद के संबंध में जानकारी देते भवानी प्रसाद निषाद।
अमेठी सिटी। गौरीगंज स्थित जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत आयोजित तीन दिवसीय सरस मेले का बृहस्पतिवार को समापन हुआ। तीसरे दिन स्टॉलों पर काफी भीड़ दिखी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की ओर से तैयार किए गए खाद्य पदार्थ, हस्तशिल्प और घरेलू उत्पादों की बिक्री हुई।
मेले में ब्लॉक जगदीशपुर ग्राम पंचायत मऊ अतवारा से जय मां शीतला समूह की अध्यक्ष अनीता श्रीवास्तव, जय माता समूह की अध्यक्ष प्रेमपती निषाद, जय बूढ़े बाबा समूह की सदस्य सरोज, संजू सरोज, संतोष देवी निषाद, संगीता निषाद, एकता समूह की मीरा सरोज, और विद्यावती बड़का सहित कई सदस्यों ने अपने स्टॉल लगाए। अमेठी मूंज प्रोडक्ट उद्योग के भवानी प्रसाद निषाद ने भी सहयोग किया। भवानी प्रसाद निषाद ने बताया कि उनके साथ करीब 300 से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं, जो मूंज से बने उत्पाद कर रही हैं। इससे उनकी आमदनी बढ़ने के साथ आर्थिक रुप से मजबूत हो रही है।
डीसी एनआरएलएम प्रवीणा शुक्ला ने बताया कि इस मेले का उद्देश्य समूह की महिलाओं की ओर से तैयार किए गए उत्पादों को प्रदर्शित करना और उनकी आमदनी को बढ़ावा देना रहा। इस आयोजन से महिलाओं को अपने कौशल का प्रदर्शन करने और आर्थिक रूप से सशक्त होने का मंच मिला।