संग्रामपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को एएनएम की साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। इसमें गर्भवतियों की देखरेख के अलावा बच्चों व गर्भवतियों के टीकाकरण जैसे कार्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा में कार्य संतोषजनक न पाए जाने पर दो एएनएम का वेतन रोक दिया गया। पांच अन्य एएनएम से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।
उपकेंद्र गोरखापुर की एएनएम सुमन वर्मा और उपकेंद्र धौरहरा की एएनएम नंदिनी का प्रदर्शन लक्ष्य के सापेक्ष खराब रहा। अधीक्षक डॉ. संतोष सिंह ने इन दोनों एएनएम का मार्च 2026 के एक सप्ताह का वेतन रोकने का निर्देश दिया। एनसीडी स्क्रीनिंग और आभा कार्ड फीडिंग में भी कमी पाई गई। उपकेंद्र बड़गांव, भौसिंहपुर, धौरहरा, गोरखापुर, मिश्रौली, ठेंगहा और उत्तरगांव की एएनएम ने ई-कवच पोर्टल पर काम पूरा नहीं किया था।
अधीक्षक डॉ. संतोष सिंह ने इन एएनएम को स्पष्टीकरण जारी करते हुए 20 मार्च तक सभी डाटा अपलोड करने के निर्देश दिए। इस मौके पर बीपीएम शंभूनाथ पांडेय सहित समस्त एएनएम मौजूद रहीं।