अमेठी सिटी। पैसे के लेनदेन के विवाद में रोडवेज बस परिचालक के साथ लोगों की भीड़ ने मारपीट की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात भीड़ के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।
सोमवार को कादीपुर से रायबरेली डिपो की ओर जा रही बस मुंशीगंज में पहुंची तो बस में बैठा एक यात्री परिचालक अखिलेश पाल से उलझ गया। आरोप है कि यात्री ने ईंट से बस का साइड शीशा तोड़ दिया, जिससे दो यात्री भी घायल हो गए। आरोप है कि स्थानीय लोगों ने भी परिचालक के साथ मारपीट की।
पुलिस का कहना है कि पैसे के लेनदेन के विवाद में बस यात्री परिचालक से भिड़ा था। दोनों के बीच झगड़े के दौरान स्थानीय लोगों ने परिचालक से मारपीट की। थाना प्रभारी अखंड देव मिश्र ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।