अमेठी। शासन के निर्देश पर 70 दिन बाद सोमवार से परिवहन निगम की बसों का संचालन शुरू हो गया। पहले दिन डिपो से छह बसें अलग-अलग स्थानों के लिए रवाना हुईं। हालांकि पहले दिन किसी भी बस पर 10 से अधिक यात्री नहीं रहे।
22 मार्च को रहे जनता कर्फ्यू के दिन से बंद परिवहन निगम की बसों का संचालन अनलॉक-1 में केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से दी गई छूट और आम लोगों की सुविधा को देखते हुए 70 दिन बाद सोमवार से शुरू हो गया है। पहले दिन अमेठी डिपो की छह बसें सड़कों पर चलने के लिए डिपो से निकलकर बस स्टेशन पर खड़ी हुईं।
इन बसों को अलग-अलग स्थानों के लिए रवाना किया गया। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आरएम पांडेय ने बताया कि बसों का संचालन शुरू करा दिया गया है। कहा कि बस में बैठने वाले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग कराने के साथ ही उनके हाथ सैनिटाइज कराए जा रहे हैं। यात्रा कर रहे लोगों को मास्क लगाना अनिवार्य है। बताया कि बसों को सैनिटाइज कराकर पूरी सावधानी बरतते हुए रवाना कराया जा रहा है।
जागरूकता के लिए बस स्टेशन पर एनाउंसमेंट भी कराया जा रहा है। पांडेय ने बताया कि सोमवार को बस स्टेशन से बसों को प्रयागराज, कानपुर, सुलतानपुर व लखनऊ के लिए रवाना किया गया। पहले दिन किसी भी बस पर 10 से अधिक सवारियां नहीं रहीं। कहा कि यात्रियों की संख्या बढ़ेगी तो बसें अन्य स्थानों के लिए भी चलेंगी।