अमेठी सिटी। जिले के प्रसिद्ध मंदिर व धाम तक जाने वाली सड़क व परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने परिक्रमा व संपर्क मार्ग के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है। कार्य पूरा होने के बाद लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलेगा।
जिले के प्रसिद्ध तीर्थ मां कालिकन धाम के परिक्रमा मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का कार्य लोक निर्माण विभाग करेगा। करीब दो किमी लंबाई के परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण में साढ़े पांच करोड़ रुपयों के खर्च का प्रस्ताव तैयार किया गया है। मोहनगंज से फुरसतगंज बाया पीढ़ी मार्ग तपेश्वरनाथ् धाम तक के लिए रास्ते का निर्माण होगा। करीब छह किमी लंबाई की इस सड़क के लिए लोक निर्माण विभाग ने 4.1 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है।
सुल्तानपुर-रायबरेली एनएच-128 मार्ग से बेहटा सूजापुर होते हुए हरकंदपुर मवई धाम तक मार्ग का डेढ़ लेन निर्माण, चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है। लोक निर्माण विभाग इस 4.4 किमी लंबी सड़क को 14.3 करोड़ की लागत से तैयार करेगा। लोक निर्माण विभाग बारधर्मे व धर्मे धाम तक सड़क निर्माण तीन किमी की लंबाई में 4.97 करोड़ की लागत से तैयार करेगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि सभी रास्तों के निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है। शासन से प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।