भादर(अमेठी)। अयोध्या धाम और प्रयागराज की राह सुगम होगी। इन स्थानों के लिए बृहस्पतिवार से मेमू ट्रेन का संचालन शुरू हो रहा है। इसका ठहराव अमेठी के रामगंज और पीपरपुर स्टेशन पर होगा।
अयोध्या धाम में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद दर्शन करने के लिए लोगोें की भीड़ जुट रही है। प्रयागराज संगम में माघ मेले को भी लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। रेलवे ने मेमू ट्रेन के संचालन का निर्णय लिया है। वरिष्ठ मंडल रेल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा ने बृहस्पतिवार से मेमू ट्रेन के संचालन की बात कहते हुए समय-सारिणी जारी कर दी है। मेमू ट्रेन का ठहराव रामगंज और पीपरपुर स्टेशन पर होगा।
प्रयागराज संगम स्टेशन से सुबह 6:40 बजे रवाना होकर प्रयाग, फाफामऊ, सेवाइत, दयालपुर, मऊआइमा, धीरगंज, शनिधाम विश्वनाथ गंज, भुपियामऊ, प्रतापगढ़ मां बेल्हा धाम, चिलबिला होते हुए मेमू सुबह 8:52 बजे रामगंज पहुंचेगी। इसके बाद 9.01 बजे पीपरपुर में ठहराव के साथ सुल्तानपुर, द्वारकागंज, कूडेभार, चौरे बाजार, खुजरहट, मलेथूकनक, भरतकुंड, मसौधा होते हुए 11:15 बजे अयोध्या कैंट स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में मेमू अयोध्या कैंट से शाम 06:00 बजे रवाना होकर सभी स्टेशनों पर ठहराव के साथ शाम 7:51 बजे पीपरपुर व 7:58 बजे रामगंज स्टेशन पर ठहराव के साथ रात 09:05 बजे प्रयागराज संगम पहुंचेगी।
स्टेशन अधीक्षक पीपरपुर शिव प्रसाद प्रजापति ने बृहस्पतिवार से मेमू ट्रेन संचालित होने की पुष्टि की है। प्रतिदिन अप व डाउन में संचालित मेमू ट्रेन का ठहराव रामगंज व पीपरपुर स्टेशन पर होगा।
किराये की होगी बचत
मेमू से यात्रियों को अयोध्या व प्रयागराज स्टेशन की यात्रा करने लिए सिर्फ 45 रुपये किराया खर्च करना होगा। सड़क मार्ग से दोनों स्थानों के लिए 118 रुपये खर्च करना पड़ रहा है। ऐसे में किराए की बचत होगी।
मेमू ट्रेन के चलने से रामगंज स्टेशन से रायपुर, रामगंज, अग्रेसर, सोनारी, खरगीपुर, मोहनपुर , रामचंद्रपुर, विसुंदासपुर, त्रिसुंडी, संसारीपुर तथा पीपरपुर स्टेशन से दुर्गापुर, बिसानी, अलहदादपुर, खानापुर, पीपरपुर, विजरा, छिवरहा, नर वहनपुर सहित 25 से अधिक ग्रामीणों को सफर की सुविधा मिलेगी।