अमेठी सिटी। जमीन की पैमाइश कर लौट रहे राजस्व निरीक्षक संघ के जिलामंत्री व राजस्व निरीक्षक पर बृहस्पतिवार को हुए हमले को लेकर संगठन में आक्रोश व्याप्त है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर राजस्व निरीक्षकों ने डीएम को संबोधित सात सूत्री मांग पत्र एडीएम न्यायिक को सौंपा।
तहसील मुसाफिरखाना में तैनात राजस्व निरीक्षक संतराम राजस्व निरीक्षक संघ के जिला महामंत्री हैं। बृहस्पतिवार को वह तहसील के गांव बख्तावर नगर में एक जमीन पर सीमांकन कर लौट रहे थे। तभी उन पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। उन्होंने मुकदमा भी दर्ज कराया है।
घटना से नाराज राजस्व निरीक्षक संघ की शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में बैठक हुई। सभी राजस्व निरीक्षकों ने घटना की घोर निंदा की। संघ ने डीएम को संबोधित ज्ञापन एडीएम न्यायिक दिनेश कुमार मिश्र को सौंपा। घटना में नामजद आरोपी मसरूर अहमद व अन्य के विरुद्ध गैंगस्टर की कार्रवाई सहित सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ सभी क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षकों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से उनके आवेदन के क्रम में शस्त्र लाइसेंस देने, पैमाइश के दौरान पुलिस बल उपलब्ध कराने सहित कई मांगे रखीं।
इस मौके पर संगठन अध्यक्ष अमर नाथ पांडेय, संतराम, दयाशंकर शुक्ल, उग्रसेन सिंह, माता प्रसाद शुक्ल, शीतला गुप्ता, रामबोध आदि मौजूद रहे।