सीएचसी अमेठी में गमगीन मृतक के परिजन। स्रोत: स्थानीय नागरिक
अमेठी। अमेठी-भादर मार्ग पर शुक्रवार को हथकिला चौराहे के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त अवर अभियंता रामचंद्र तिवारी (67) की मौत हो गई। वह हथकिला देवरहा गांव के रहने वाले थे। दूसरी बाइक सवार हादसे के बाद मौके से बाइक समेत चला गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उसकी पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
रामचंद्र के बेटे विजय ने बताया कि उनके पिता शुक्रवार को बाइक से सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। दुर्गापुर मार्ग पर गांव के पास चौराहे पर सामने से आ रही बाइक उनकी बाइक से भिड़ गई। हादसे में पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक सवार भी गिरकर घायल हुआ। कुछ देर बाद वह बाइक लेकर मौके से चला गया।
स्थानीय लोगों ने घायल रामचंद्र को सीएचसी अमेठी पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही विजय समेत अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने रामचंद्र को मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रामचंद्र ने हेलमेट नहीं पहना था। इंस्पेक्टर शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर दूसरी बाइक सवार की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
रामचंद्र तिवारी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल में पिता का शव देखते ही बेटे विजय, वेदांती और सुधीर तथा बेटी सरोज फफक पड़े। परिजनों के करुण क्रंदन से अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया। पिता को खोने के गम में बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। रामचंद्र की मौत की खबर मिलने पर पूर्व मंत्री आशीष शुक्ला, भाजपा नेता काशी तिवारी, अजय तिवारी समेत कई लोग अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर शोक जताया।