अमेठी सिटी। गौरीगंज के राजीव गांधी साइंस कॉलेज में सोमवार को आयोजित विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) प्रशिक्षण में सदस्यों को उनके दायित्वों से अवगत कराया गया। इसमें उनकी जिम्मेदारियां बताते हुए शतप्रतिशत बच्चों को शिक्षित करने में सहयोग देने की बात कही गई। प्रशिक्षण बीईओ अर्जुन सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षक प्रमोद तिवारी ने उन्मुखीकरण के संबंध में प्रकाश डालते हुए उसके गठन व कर्तव्यों की चर्चा की। कहा कि एसएमसी में विद्यालय स्तर पर 13 लोगों की कार्यकारिणी होती है। इनका प्रशिक्षित न होने से कार्यक्रम पारदर्शी ढंग से लागू नहीं हो पाते हैं। विद्यालय में शिक्षक, शिक्षामित्र व अनुदेशकों के साथ छात्र-छात्राओं की उपस्थिति दुरुस्त रखना प्रबंध समिति की जिम्मेदारी है। नियमित रूप से बैठक कर इसकी समीक्षा की जाएगी। उपस्थिति 60 प्रतिशत से कम मिले तो अभिभावकों के साथ बैठक कर उनके कारण जानें। सिद्धार्थ मिश्रा ने विद्यालय विकास योजना, लिंग संवेदीकरण तथा राजेश सिंह ने यू डायस, जन पहल, सोशल ऑडिट आदि के संबंध में बताया। विवेक शुक्ला, अश्वनी द्विवेदी, विकास सिंह, कमलेश पांडे, लल्लन, सरोज, अमित आदि उपस्थित रहे।