होली पर मुंबई, सूरत समेत अन्य शहरों से आने वालों की दूर होगी समस्या
अमेठी सिटी। मुंबई व सूरत में रहने वाले परदेसियों के लिए रेलवे ने साप्ताहिक ट्रेन संचालित करने का फैसला किया है। यह ट्रेन मुंबई से वाराणसी के बीच संचालित होगी। इससे यात्रियों को राहत मिलेगी।
होली पर रेलवे यात्रियों को सुविधा देने के लिए मुंबई सेंट्रल-बनारस साप्ताहिक एक्सप्रेस के नाम से एक ट्रेन संचालित कर रहा है। यह ट्रेन फिलहाल 20 मार्च को रात में 10:50 पर मुंबई सेंट्रल से रवाना होगी और शुक्रवार को अमेठी होते हुए सुबह 10:30 बजे वाराणसी पहुंचेगी। इसी तरह वाराणसी से मुंबई की ओर ट्रेन का संचालन 22 मार्च शुक्रवार को वाराणसी से होगा। यह ट्रेन अमेठी रुकते हुए रविवार को 4:35 बजे मुंबई पहुंचेगी।
इस ट्रेन का संचालन होने से ऐसे यात्रियों को जल्दी में कन्फर्म टिकट पर मुंबई आने-जाने की सुविधा मिल सकेगी, जो आरक्षित टिकट न मिलने से होली पर घर आने की तैयारी कर रहे थे।
ट्रेन में होंगे कुल 16 कोच
इस विशेष ट्रेन में एक वातानुकूलित प्रथम श्रेणी, तीन वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, नौ वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और एक पैंट्री कार व दो पावर कार समेत 16 कोच होंगे।
इन रेलवे स्टेशनों पर होगा ठहराव
मुंबई सेंट्रल व वाराणसी के बीच संचालित होने वाली इस ट्रेन का ठहराव बोरीवली, वापी, सूरत, वडोदरा, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, अछनेरा जंक्शन, आगरा फोर्ट, टूंडला, शिकोहाबाद, मैनपुरी, भोगांव, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़ व भदोही में होगा।
मिला संचालन का आदेश
स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि मुंबई-सूरत-लखनऊ-वाराणसी पर्व स्पेशल ट्रेन संचालन से जुड़ा आदेश मिला है। ट्रेन में आरक्षित सीटों की बुकिंग शुरू हो गई है। फिलहाल अभी ट्रेन के एक फेरा लगाने की बात आदेश में कही गई है। लेकिन उम्मीद है कि ट्रेनों के फेरे की संख्या में वृद्धि होगी। जिन लोगों को मुंबई समेत अन्य स्टेशनों का कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है वह तत्काल आरक्षित टिकट बुक करवा सकते हैं।