गौरीगंज (अमेठी)। बिना अनुमति ड्यूटी स्थल से नदारद रहने के मामले में डीपीआरओ ने 21 सफाई कर्मियों से जवाब-तलब किया है। डीपीआरओ ने यह कार्रवाई बीडीओ की रिपोर्ट पर की है। जवाब नहीं देने व संतुष्ट नहीं होने की स्थिति में दंडात्मक कार्रवाई करने की बात कही है।
शासन के निर्देश पर एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचारी रोग अभियान संचालित किया जा रहा है। इसमें स्वास्थ्य विभाग के अलावा कई विभाग शामिल हैं। पंचायती राज विभाग को गांव में साफ-सफाई व एंटी लार्वा छिड़काव का काम करना है। डीपीआरओ श्रीकांत यादव ने सभी बीडीओ व एडीओ पंचायत को गाइड लाइन के अनुसार विभाग की ओर से कार्रवाई कराने का निर्देश है।
डीपीआरओ के निर्देश पर सभी ब्लॉक क्षेत्र में सफाई कर्मियों की टोली बनाकर रोस्टर के अनुसार चयनित ग्रामों में भेजकर साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई व एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। बीडीओ बाजार शुकुल ने डीपीआरओ को पत्र भेजकर 19 मार्च को बिना पूर्व अनुमति व सूचना के 20 सफाई कर्मियों के ड्यूटी स्थल पर नहीं आने की रिपोर्ट भेजते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
बीडीओ का पत्र मिलने के बाद डीपीआरओ ने सफाई कर्मी घनश्याम डोम, रामचंदर कोरी, रघुुवीर यादव, मो. असगर हाशमी, विजय कुमार, कमलेश कुमार, महेश प्रसाद, रामचंद्र, फूलचंद्र, हरीराम, रविकुमार, वीरेंद्र कुमार, लवकुश, रवींद्र नाथ, राम उजागिर यादव, अशीष कुमार, रामखेलावन, दिनेश कुमार, विजय कुमार, दिनेश व बनवारीलाल को कारण बताओ नोटिस भेजकर दो दिन में जवाब मांगा है।
इसी तरह जामो ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत भोएं का डीपीआरओ ने औचक निरीक्षण किया तो जगह-जगह गंदगी का अंबार मिला। ग्रामीणों ने बताया कि सफाई कर्मी नियमित नहीं आते। डीपीआरओ ने उन्हें भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की बात कही गई है।