जगदीशपुर (अमेठी)। थाना क्षेत्र के रनकापुर गांव के पास बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में दंपती की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
स्थानीय थाना क्षेत्र के गुरुगंज टांडा निवासी प्रभा शंकर यादव (52) शनिवार को अपने साथ लिव इन में रह रहीं विद्यावती (52) को बाइक पर बिठाकर किसी काम से जगदीशपुर आए थे। शनिवार रात दोनों वापस अपने गांव जा रहे थे। रात करीब नौ बजे रनकापुर गांव के पास एक अज्ञात ट्रैक्टर-ट्राॅली ने प्रभाशंकर की बाइक को ठोकर मार दी। टक्कर लगने से गिरकर प्रभाशंकर की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंचे लोगों ने विद्यावती को तत्काल सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी में उपचार के दौरान देर रात उसकी भी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे, सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौत हुई होगी। एसएचओ राकेश सिंह ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।