अस्पताल में डॉक्टर व कर्मियों से पूछताछ करते सीएमओ
अमेठी। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी व भेटुआ का निरीक्षण किया। इसमें अनुपस्थित मिले 20 कर्मियों से जवाब-तलब किया गया है। सीएमओ बृहस्पतिवार की सुबह 8.54 बजे जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय शर्मा के साथ सीएचसी अमेठी पहुंचे। यहां पर प्रसव कक्ष की व्यवस्था सही नहीं मिली। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मी अमित पाठक, अंशु कुमारी, धर्मेंद्र पांडेय, दयाराम, डॉ. प्रीती सिंह अनुपस्थित थे। प्रयोगशाला सहायक अमित कुमार यादव का रजिस्टर में तीन दिन का सीएल दर्ज था लेकिन, मानव संपदा पोर्टल पर अपडेट नहीं किया गया। अस्पताल में सफाई व्यवस्था खराब होने पर स्वीपर को चेतावनी दी गई है।
सीएचसी भेटुआ में निरीक्षण के दौरान ओम प्रकाश सरोज, भावना पांडेय, संजय कुमार, अशोक कुमार, जटाशंकर, शशिकला, मुकेश कुमार, डॉ. मेहनाज बानो, डॉ. योगेंद्र, शुभम, विकास शुक्ला अनुपस्थित मिले। इसमें कुछ तीन दिनों से गायब चल रहे थे। सभी कर्मियों से जवाब मांगा गया है। यहां दवाओं के रखरखाव की व्यवस्था सही नहीं मिली।