गौरीगंज(अमेठी)। बेसिक शिक्षा विभाग मेंं अंतर जनपदीय तबादले के मामले में 35 हजार रुपये की रिश्वत लेकर सीएमओ का फर्जी हस्ताक्षर बनाने के मामले में पुलिस की जांच तेज होती जा रही है। इसमें कई की भूमिका की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारी साक्ष्य संकलित कर रहे हैं। अंतर जनपदीय ट्रांसफर आवेदन में लगे असाध्य रोग प्रमाण पत्र उनके प्रतिहस्ताक्षरित करने के खेल में विभाग के कई अन्य कर्मी पुलिस के जांच निशाने पर हैं। कार्यालय से मेडिकल ग्राउंड पर ट्रांसफर आवेदन करने वाले शिक्षकों के दस्तावेजों की जांच पुलिस कर रही है। एक-एक कर असाध्य रोग प्रमाण पत्र लगाने वालों से जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ऑनलाइन ट्रांसफर से जुड़े तथ्यों की बैंक से पुष्टि कराने के साथ फिजियोथेरेपिस्ट के खाते से हुए लेन-देन का डाटा भी एकत्र कर रही है। सीओ मंयक द्विवेदी ने बताया कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच में मिल रहे साक्ष्यों के आधार पर दर्ज केस में वैधानिक कार्रवाई जल्द की जाएगी।