अमेठी सिटी। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी पर बृहस्पतिवार को जिले में विविध कार्यक्रम आयोजित हुए। दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के लिए अटल जी को याद किया गया। लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल लोकार्पण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण गौरीगंज स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में दिखाया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, डीएम संजय चौहान सहित अफसरों ने पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
वहीं सुशासन सप्ताह के तहत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुसाफिरखाना में जनपद स्तरीय भाषण, काव्य पाठ व निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। भाषण में प्रिंस कुमार, शताक्षी तिवारी, आकृति तिवारी क्रमश: पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहें। वहीं काव्य पाठ में साधना यादव, स्वास्तिक सिंह व दिशा सिंह और निबंध लेखन में प्रियाशी यादव, तनिष्का व वंशिका पांडेय क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहीं।
जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय में अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर संगोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री व जिला प्रभारी शंकर गिरि ने पूर्व प्रधानमंत्री के लोकतांत्रिक मूल्यों, दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्रसेवा को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
जामों स्थित श्री शंकर बूढे़ बाबा मंदिर परिसर में भाजपा नेता अजय कुमार द्विवेदी की अगुवाई में केक काटा गया। तिलोई के सुभाष पशुपतिनाथ इंटर कॉलेज में पूर्व प्रधानमंत्री पंडित अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती मनाई गई। प्रधानाध्यापक प्रेम कुमार मिश्र ने पूर्व प्रधानमंत्री के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला।
व्यापारियों ने मनाई अटलजी की जयंती
अमेठी। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी पर बृहस्पतिवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला कार्यालय पर कार्यक्रम हुआ। व्यापारियों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विचारों को स्मरण किया। जिलाध्यक्ष महेश सोनी ने कहा कि अटल जी कुशल राजनेता, संवेदनशील कवि और ओजस्वी वक्ता रहे। इस दौरान सुशील जायसवाल, सोनू कसौधन, संदीप अग्रहरि आदि मौजूद रहे। (संवाद)