जगदीशपुर (अमेठी)। जगदीशपुर से अयोध्या के बीच फोनलेन सड़क निर्माण में बाधा बन रहे भवनों का गुरुवार को एसडीएम मुसाफिरखाना की मौजूदगी में एनएचआई और कार्यदायी संस्था ने पुनर्चिह्नांकन किया। चिह्नांकन पूरा होने के बाद एसडीएम ने लोगों से दो दिन में स्वयं अतिक्रमण हटा लेने का निर्देश दिया।
जगदीशपुर से अयोध्या तक बन रहे राट्रीय राजमार्ग 330-ए फोनलेन निर्माण में बड़ी संख्या में भवन व अवैध कब्जा बाधा बन रहे हैं। गुरुवार को एनएचआई के पीडी, कार्यदायी संस्था व एसडीएम मुसाफिरखाना सुनील कुमार त्रिवेदी के नेतृत्व में टीम कस्बे में पहुंची।
टीम ने एसडीएम की मौजूदगी में अतिक्रमण का पुनर्चिह्नांकन किया। चिह्नांकन पूरा होने के बाद एसडीएम ने लोगों से कहा कि जिनका मुआवजा किन्हीं कारणों से रुका है उसका जल्द निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने लोगों को तहसील आकर अपनी शिकायत दर्ज कराने को कहा।
एसडीएम ने कहा कि जिन्हें मुआवजा मिल चुका है वे अपना अतिक्रमण दो दिनों के अंदर स्वयं हटा लें। ऐसा नहीं करने पर कार्यदायी संस्था उसे जेसीबी लगा कर हटा देगी। इस दौरान नुकसान होने की जिम्मेदारी लोगों की स्वयं की होगी। एसडीएम के आदेश से सड़क की जद में आने वाले लोगों में हड़कंप मचा है।