गुजीपुर मजरे पांडेय का पुरवा गांव में गमगीन बैठे परिजन। स्रोत : स्थानीय
संग्रामपुर। गुजीपुर मजरे पांडेय का पुरवा गांव में धान के खेत में सतीश वर्मा (16) की मौत के मामले में परिजन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं। शुक्रवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी।
चिकित्सकों ने विसरा सुरक्षित किया है। खबर लिखे जाने तक अंतिम संस्कार नहीं हुआ था। सतीश के पिता बद्री प्रसाद वर्मा ने चाट दुकानदार समेत तीन लोगों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सतीश के सिर, हाथ और दांत में चोट थी। पीठ पर भी चोट के निशान थे। उन्होंने एक कान जला होने की बात भी कही।
पिता ने करंट लगने से मौत की आशंका पर सवाल उठाते हुए आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। शव घर पहुंचते ही मां विमला देवी बिलख पड़ीं। परिजनों का कहना है कि बेटे की मौत की सच्चाई सामने आने और दोषियों पर कार्रवाई होने के बाद ही उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद है। परिवार में बड़े भाई अजीत की एक महीने बाद शादी होनी है। खुशियों की तैयारी के बीच घर में मातम छा गया है।
मृतक के बाबा रामदेव वर्मा ने बताया कि सतीश के दोनों भाई अजीत और रंजीत गुजरात के वडोदरा से ट्रेन से घर आ रहे हैं। उनके पहुंचने के बाद शनिवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि संदिग्धों से पूछताछ के साथ मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। परिजन रिश्तेदारों के आने के बाद शनिवार को अंतिम संस्कार करने की बात कह रहे हैं।