भादर (अमेठी)। सड़क हादसे में किशोर की मौत के मामले मेें बाइक सवार पर हत्या का आरोप लगाते हुए परिजनों ने गुस्से का इजहार किया। घर के सामने शव रखकर अंतिम संस्कार न किए जाने पर अड़ गए। बाद में अधिकारियों ने पहुंचकर समझा बुझाकर शांत कराया। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार हो सका। मौके पर पुलिस बल को तैनात किया गया है।रामगंज थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर मजरे रामचंद्रपुर निवासी विजय गौतम का 14 वर्षीय पुत्र सत्यम गौतम सोमवार की सुबह लगभग छह बजे रामगंज-सोनारी मार्ग पर घनश्यामपुर स्थित अपनी राइस मिल के सामने से गुजर रहा था। तभी तेज रफ्तार जा रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। सत्यम गौतम गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद घर के सामने शव रखकर अंतिम संस्कार न करने पर अड़ गए। परिजनों ने कुछ लोगों के खिलाफ जानबूझ कर बाइक से टक्कर मारकर हत्या किए जाने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी मिलने पर मंगलवार की सुबह प्रभारी निरीक्षक पंकज द्विवेदी,चौकी प्रभारी रामगंज धीरेंद्र सिंह ने समझाने का प्रयास किया । लेकिन, परिजन कुछ भी सुनने को तैयार नहीं हुए। मामला गंभीर होते देख एसडीएम प्रीती तिवारी व सीओ लल्लन सिंह ने मौके पर पहुंचकर लोगों को आश्वास्त किया।
एसडीएम के समझाने बुझाने और परिजनों द्वारा लगाए जा रहे आरोप के संबंध में दोबारा तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किए जाने के साथ आर्थिक सहायता दिलाए जाने का भरोसा दिया। इसके बाद परिजनों ने दोपहर में गांव स्थित श्मशान स्थल पर अंतिम संस्कार किया। सीओ ने कहा की मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके हर बिंदुओं की जांच की जाएगी।