गौरीगंज(अमेठी)। आंखों में संक्रमण के कारण मरीजों की संख्या बढ़ रही है। स्कूलों से लेकर अस्पतालों तक आई फ्लू के मरीज आने लगे हैं। एसीएमओ डॉ. राम प्रसाद भी इसकी चपेट में आ गए हैं। चिकित्सकों ने आई फ्लू के संक्रमण को देखते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी है। मंगलवार को संयुक्त जिला अस्पताल की ओपीडी में आंख की समस्या के 50 मरीज आए। नेत्र सहायक सज्जन कुमार ने बताया कि इसमें से 30 रोगी आई फ्लू के मिले हैं। इसके अतिरिक्त निजी व सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे बच्चे भी बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। जामो के स्कूल में 25 बच्चे आई फ्लू की चपेट में आने के बाद सतर्कता बढ़ा दी गई है। नेत्र सर्जन डॉ. राजीव वैश्य ने का कहना है कि मरीजों को आई फ्लू के लक्षण दिखाई देने पर जांच करानी चाहिए। ठंडे पानी से आंख की सिंकाई करें। साथ ही सतर्कता बरतें।
सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि आई फ्लू को देखते हुए जिले से लेकर सीएचसी तक को अलर्ट मोड में रखा गया है। दवाओं से लेकर जांच तक की व्यवस्था की गई है, ताकि मरीजों को कोई दिक्कत न हो।