अमेठी सिटी। परिवहन विभाग ने बिना फिटनेस सड़कों पर फर्राटा भर रहे वाहनों के खिलाफ शिकंजा कसा है। परिवहन विभाग ने 98 स्कूली वाहनों का पंजीयन निलंबित कर दिया है। विभाग ने साफ किया है कि 10 साल पुराने स्कूली वाहन सड़कों पर नहीं दौड़ पाएंगे।
गाजियाबाद में हुए स्कूली बस हादसे के बाद अनफिट वाहनों के खिलाफ शासन और परिवहन विभाग फिर जागा है। परिवहन विभाग 23 अप्रैल से लगातार अनफिट स्कूली वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। बिना फिटनेस सड़कों पर दौड़ लगा रहे वाहन संचालकों को फिटनेस कराने के लिए नोटिस भेजा गया है। नोटिस मिलने के बाद भी 214 स्कूली वाहन स्वामियों ने वाहनों की फिटनेस नहीं करवाई। परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। परिवहन विभाग ने 98 स्कूली वाहनों का पंजीयन निलंबित कर दिया है।
सीज कर दिया जाएगा वाहन
बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए फिटनेस नहीं कराने वाले 98 स्कूली वाहनों का पंजीयन निलंबित कर दिया गया है। संबंधित वाहन सड़कों पर चलते मिले तो उन्हें सीज कर दिया जाएगा। 214 वाहन संचालकों को नोटिस देकर चार अगस्त तक फिटनेस करवाने का निर्देश दिया गया है।
-सर्वेश सिंह, एआरटीओ प्रशासन