अमेठी। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की पैथोलॉजी में लिवर फंक्शन टेस्ट या एलएफटी का रीजेंट नहीं होने से मंगलवार को मरीजों की संबंधित जांच नहीं हो पाई। ऐसे में मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सीएचसी की ओर से एलएफटी का रीजेंट उपलब्ध कराए जाने को लेकर जिले पर मांगपत्र भेजा गया है।
स्थानीय सीएचसी पर करीब 400 मरीजों की औसतन ओपीडी होती है। अस्पताल की पैथोलॉजी में मरीजों की निशुल्क जांच होती है। पैथोलॉजी लैब में एलएफटी व किडनी फंक्शन टेस्ट, केएफटी से संबंधित करीब 30 से 40 मरीज जांच के लिए आते हैं। वहीं कंपलीट ब्लड काउंट सहित अन्य जांच के लिए करीब 50 मरीज पहुंचते हैं। मंगलवार को लैब में एलएफटी का रीजेंट समाप्त हो गया था, जिससे मरीजों की जांच नहीं हो पाई। ऐसे में इससे संबंधित मरीजों को या तो निजी सेंटर या फिर जिला अस्पताल का चक्कर काटना पड़ा।
अस्पताल आए मरीज के तीमारदार अंकेश तिवारी ने बताया कि अस्पताल की लैब में रीजेंट नहीं होने से जांच नहीं पा रही है। रीजेंट कब तक उपलब्ध हो पाएगा, कोई भी कुछ बताने को तैयार नहीं है। तीमारदार विनय सिंह ने बताया कि वह अपनी भाभी का इलाज कराने आए थे। चिकित्सक ने एलएफटी-केएफटी की जांच लिख दी। लैब गए तो वहां जांच नहीं हो पाई। टेक्नीशियन ने बताया कि रीजेंट खत्म है। बताया कि बाहर से जांच कराई तो वहां 900 रुपये देने पड़े।
लैब टेक्नीशियन राजेश कुमार ने बताया कि सोमवार को एलएफटी का रीजेंट खत्म हो गया। अन्य जांचों का रीजेंट है, जांच की जा रही है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आलोक तिवारी ने बताया कि केएफटी का रीजेंट खत्म हो गया है। लैब की ओर से जिले से रीजेंट की मांग की गई है। मरीजों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित चिकित्सकों व कर्मियों को निर्देशित किया गया है।