गौरीगंज (अमेठी)। जिले के चार बूथों पर सोमवार को मतदान के दौरान मतपेटियां लूटकर उपद्रवी फरार हो गए थे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव आयोग को पूरे प्रकरण की रिपोर्ट भेज दी है। रिपेार्ट में चारों बूथों पर दोबारा मतदान कराने की सिफारिश की गई है। आयोग से तिथि घोषित होने के बाद इन बूथों पर दोबारा मतदान कराया जाएगा।
सोमवार को जिले के 2,430 बूथों पर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदान सुबह सात बजे से शुरू हुआ था। कुछ बूथों पर हल्के विवाद व कहासुनी के बीच शाम करीब साढ़े पांच बजे तक मतदान सुचारु रूप से चल रहा था। इसी बीच मोहनगंज थाना क्षेत्र के जनापुर गांव में स्थित बूथ संख्या 74, 75 व 76 पर अचानक बड़ी संख्या में पहुंचे उपद्रवी मतपेटियां लूट कर फरार हो गए।
मौजूद पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोकना चाहा तो वह उन पर भी हमलावर हो गए थे। उपद्रवियों की संख्या ज्यादा होने के चलते मौजूद फोर्स उन्हें रोक नहीं पाई थी। हालांकि बाद में मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे डीएम अरुण कुमार व एसपी दिनेश सिंह की उपस्थिति में सभी मतपेटियां बरामद कर ली गईं लेकिन तब तक उपद्रवी पड़े मतों को नष्ट कर चुके थे।
इसी तरह जामो थाना क्षेत्र के पूरे चितई के बूथ संख्या 89 पर शाम करीब सात बजे मतदान के समय पहुंचे उपद्रवियों ने मतपत्र लूट लिया। देर शाम जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार ने चुनाव आयोग को रिपोर्ट भेजकर पूरे प्रकरण से अवगत कराया है। रिपोर्ट में चारों बूथों पर दोबारा मतदान कराने की सिफारिश की गई है। डीएम ने बताया कि आयोग से तिथि की घोषणा होने के बाद इन बूथों पर दोबारा मतदान कराया जाएगा।