गौरीगंज (अमेठी)। मोहनगंज थाना क्षेत्र के गांव जनापुर के तीन तो जामो के पूरे चितई के एक बूथ पर मतपेटी लूट व मारपीट मामले में पुलिस ने 57 नामजद व 350 अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। केस दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित स्थानों पर छापामारी कर रही है।
सोमवार को चार बूथों पर उपद्रवियों की ओर से मतपेटी लूट के मामले में पुलिस एक्शन मोड में है। जनापुर मतदेय स्थल पर तैनात उप निरीक्षक विजय कुमार गुप्त की तहरीर पर मोहनगंज पुलिस ने 52 नामजद व 250 अज्ञात के खिलाफ लूट, पुलिस बल पर जानलेवा हमला समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। इसी तरह जामो थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पूरे चितई मतदेय स्थल के बूथ नंबर 89 के पीठासीन मनोज कुमार शुक्ल की तहरीर पर पुलिस ने प्रधान पद प्रत्याशी सुषमा जायसवाल उनके पति बाबूलाल समेत पांच नामजद व करीब 100 अज्ञात के खिलाफ मतपेटी में स्याही डालने तथा मतपेटी लूटने समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गई है।
बताते चलें कि जनापुर के बूथ संख्या 74, 75 व 76 पर सोमवार शाम मतदान के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे उपद्रवियों ने न सिर्फ तीन बूथों की मतपेटी लूट ली बल्कि विरोध करने पर मौजूद पुलिस कर्मी व मतदान कार्मिकों से मारपीट भी की। इसी तरह जामो के पूरे चितई बूथ पर शाम करीब सात बजे प्रधान पद प्रत्याशी सुषमा जायसवाल अपने पति व अन्य सहयोगियों के साथ बूथ पर पहुंचकर फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए मतपेटी में पहले पानी डाला फिर पेटी लूटकर फरार हो गए।
जल्द होगी गिरफ्तारी
एसपी दिनेश सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गई है। कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर दर्ज धाराओं में जेल भेजने के साथ ही गैंगेस्टर समेत अन्य धाराओं में भी कार्रवाई की जाएगी।