संवाद न्यूज एजेंसीतिलोई (अमेठी)। मोहनगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी से दो सगे भाइयों ने एक अन्य युवक के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना 19 मई की रात है। बुधवार को पीड़िता ने परिजनों को जानकारी दी। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मोहनगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला का आरोप है कि गांव के ही रहने वाले सगे भाई अखिलेश वर्मा व संदीप वर्मा ने अपने मित्र मुकेश के साथ मिलकर उसकी बेटी को फोन कर बहाने से रात में घर से बाहर खेत में बुलाया। खेत में पहुंचने के बाद तीनों ने दुष्कर्म किया।
घटना से डरी नाबालिग दो दिन तक गुमसुम रही। परिजनों ने लगातार गुमसुम देख जानकारी ली तो बुधवार को उसने पूरी घटना बताई। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने अखिलेश व संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण कराने के साथ वीडियो कैमरे की निगरानी में बयान दर्ज किया है।
एसएचओ धीरेंद्र यादव ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपियों को पकड़ा गया है। तीसरे आरोपी मुकेश की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।