गौरीगंज (अमेठी)। गृह जिले में दुष्कर्म का केस दर्ज होने के बाद शुक्रवार को एसपी ने बाजार शुकुल थाने में तैनात सिपाही को निलंबित कर दिया। मुरादाबाद पुलिस की रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई करते हुए उसे पुलिस लाइंस से संबद्ध किया गया है।
मुरादाबाद जिला निवासी शहबाज की नियुक्ति पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर 2019 में हुई थी। वर्तमान में शहबाज जिले के बाजार शुकुल थाने में बतौर आरक्षी पद पर कार्यरत है। सितंबर माह में अवकाश लेने के बाद शहबाज अपने घर गया था। अवकाश अवधि एक अक्तूबर को पूरी होने के बावजूद उसने विलंब से 11 अक्तूबर को ड्यूटी ज्वाइन की थी।
सिपाही के विलंब से अवकाश के बाद पहुंचने पर प्रभारी निरीक्षक तरुण पटेल ने मामले की जानकारी एसपी को दी थी। कारणों की अभी विभाग जांच ही कर था कि मुरादाबाद एसपी का एक पत्र पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गया। पत्र में सिपाही शहबाज के खिलाफ मुरादाबाद जिले में एक युवती की ओर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने की बात कहते हुए कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
मुरादाबाद एसपी का पत्र मिलने के बाद एसपी डॉ. इलामारन जी. ने सिपाही को निलंबित कर दिया। एसपी ने बताया कि मुरादाबाद पुलिस की ओर से मिली रिपोर्ट के आधार पर आरोपी सिपाही को निलंबित करते हुए उसे पुलिस लाइंस से संबद्ध किया गया है।