अमेठी। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्थानीय रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में क्लोक रूम का निर्माण चल रहा है। योजना को जुलाई 2023 में स्वीकृति मिलने के बाद स्टेशन के विकास कार्य चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाए गए। अब क्लोक रूम सुविधा शुरू होने से यात्रियों को अपने सामान की सुरक्षा को लेकर राहत मिलेगी।
स्टेशन पर क्लोक रूम बनने के बाद यात्री अपना बैग, सूटकेस और अन्य सामान सुरक्षित जमा कर सकेंगे। लंबी प्रतीक्षा अवधि के दौरान यात्रियों को प्लेटफार्म पर सामान संभालने की परेशानी नहीं रहेगी। यह सुविधा खासकर दूरस्थ स्थानों से आने वाले यात्रियों के लिए उपयोगी मानी जा रही है। यात्री रामअवतार का कहना है कि यात्रा के दौरान सामान सुरक्षित रखने की व्यवस्था न होने से दिक्कत होती है। क्लोक रूम चालू होने पर यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।
यात्री अजय कुमार ने बताया कि ट्रेन के इंतजार के समय या शहर में थोड़ी देर के लिए जाने पर सामान रखने की सुविधा मिलना यात्रियों के लिए लाभकारी रहेगा। प्लेटफार्म संख्या एक और दो पर शेड विस्तार पूरा हो चुका है, जिससे प्रतीक्षा के समय यात्रियों को राहत मिली है। नॉर्दर्न रेलवे के कार्य निरीक्षक शिवमूर्ति ने बताया कि अमेठी स्टेशन पर यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए क्लोक रूम की व्यवस्था की जा रही है। इससे स्टेशन पर यात्रियों को सुविधा मिलेगी।