जगदीशपुर (अमेठी)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बड़ागांव रेलवे क्रासिंग पर मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रक ने समपार फाटक को तोड़ दिया। चंडीगढ़-पाटिलपुत्र एक्सप्रेस ट्रेन के निकलने की सूचना पर गेट बंद कर रहे गेट मैन ने स्लाइड बूम लगाकर ट्रैफिक रोकते हुए इसकी सूचना कंट्रोल को दी। सिग्नल नहीं मिलने पर ट्रेन आउटर पर रुक गई जिसे पांच मिनट बाद गंतव्य की ओर रवाना किया गया। आरपीएफ ने ट्रक कब्जे में लेकर केस दर्ज करते हुए चालक का चालान भेज दिया।
मंगलवार को चंडीगढ़-पाटिलपुत्र एक्सप्रेस के निकलने की सूचना पर निहालगढ़-अढनपुर रेलवे स्टेशन के बीच जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बड़ागांव रेलवे क्रॉसिंग संख्या 125 के गेट मैन अजीत कुमार क्रॉसिंग का गेट बंद कर रहा था। इसी बीच लखनऊ से सुल्तानपुर की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक संख्या यूपी 51 एटी-8271 ने टक्कर मारकर गेट तोड़ दिया। गेट मैन ने तत्काल इसकी सूचना कंट्रोल को देते हुए फाटक पर स्लाइडर बूम लगाकर पहले ट्रैफिक को रोका। सिग्नल नहीं मिलने से थ्रू निकल रही ट्रेन चालक ने गाड़ी को आउटर पर रोक दिया। ट्रैफिक कंट्रोल होने पर पांच मिनट बाद ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना कराया गया। सूचना पर पहुंचे आरपीएफ थाना निहालगढ़ के निरीक्षक राधेश्याम शर्मा ने बताया की चालक समेत ट्रक को कब्जे में लेकर वाहन संख्या और चालक राजनरायन निवासी चेतरा थाना गौर जनपद बस्ती के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।