अमेठी सिटी। मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल और इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। बुधवार को दौरे पर आ रहे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी यहां अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन और नए ऑडिटोरियम का उद्घाटन करेंगे। करीब 64 लाख रुपये की लागत वाली इन परियोजनाओं से जिले सहित आसपास के जनपदों के मरीजों और छात्रों को सीधा फायदा मिलेगा।
अस्पताल में करीब 24 लाख रुपये की लागत से स्थापित नई अल्ट्रासाउंड मशीन आधुनिक तकनीक से लैस है। इससे जांच पहले की तुलना में अधिक तेजी और सटीकता से हो सकेगी। अब मरीजों को छोटी-छोटी जांच के लिए लखनऊ या रायबरेली नहीं जाना पड़ेगा।
खासकर गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि नई मशीन से प्रतिदिन अधिक मरीजों की जांच संभव हो सकेगी, जिससे लंबी प्रतीक्षा की समस्या भी कम होगी।
इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग में करीब 40 लाख रुपये की लागत से तैयार आधुनिक ऑडिटोरियम भी छात्रों के लिए नई सुविधा लेकर आया है। यहां अब सेमिनार, प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं और सांस्कृतिक आयोजन आधुनिक संसाधनों के साथ आयोजित किए जा सकेंगे।
छात्रों का कहना है कि अब उन्हें बड़े शहरों के संस्थानों जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिलेंगी। अस्पताल के सीओओ अवधेश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।