अमेठी सिटी। रायबरेली से सांसद व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक दिवसीय कार्यक्रम में 30 अप्रैल को अमेठी पहुंचेंगे। उनकी यात्रा का पहला पड़ाव मुंशीगंज के कोरवा स्थित गन फैक्टरी एवं इंडो-रूसी रायफल्स प्राइवेट लिमिटेड का भ्रमण रहेगा, जहां वे दोपहर 12:15 बजे औद्योगिक इकाई का अवलोकन करेंगे।
दोपहर 2:30 बजे वह मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल में नए ओपेन हार्ट सर्जरी ऑपरेशन थियेटर का लोकार्पण करेंगे। इसके पश्चात अस्पताल परिसर में स्थापित इंदिरा गांधी नर्सिंग विद्यालय का दौरा कर शिक्षण सुविधाओं का निरीक्षण करेंगे। राहुल गांधी के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रविवार को अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा की अध्यक्षता में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक की गई। इसमें प्रत्येक कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, व्यवस्था एवं स्वागत-समारोह की रूपरेखा तैयार की गई। जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने 30 अप्रैल को रायबरेली सांसद राहुल गांधी के आगमन की पुष्टि की है।