जायस में पंप पर पेट्रोल लेने के लिए लगी भीड़। -संवाद
अमेठी सिटी। रसोई गैस के बाद पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाह से बृहस्पतिवार को शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक अफरातफरी रही। लोग जरूरी काम छोड़ कर वाहनों में पेट्रोल व डीजल भरवाने के लिए पंपों पर लंबी कतार में खड़े नजर आए। मांग से ज्यादा खरीद होने से पंपों पर सामान्य तौर पर दो दिन तक चलने वाला स्टॉक महज दो घंटे में खत्म हो गया।
इसके चलते कई पंपों पर संचालकों को नो स्टॉक का बोर्ड लगा कर पंप बंद करना लगा। जिन पंपों पर पेट्रोल मौजूद था, वहां भी बाइक वालों को 200 रुपये और कार वालों को 500 रुपये का पेट्रोल ही दिया गया। गौरीगंज शहर के जामों मोड़, काजीपट्टी, कटरालालगंज और राजगढ़ समेत कई इलाकों में संचालित पंपों पर दिनभर वाहन चालकों की भीड़ जुटी रही।
कतार में लगे स्कूली वाहन और निजी गाड़ियां घंटों कतार में फंसे रहे। लोग ड्रम और जरीकेन लेकर पंपों पर पहुंचने लगे। सिंचाई के लिए डीजल और वाहनों की टंकी फुल कराने की लोगों में होड़ मच गई। ऐसे में पंप संचालकों के सामने भीड़ को संभालना बड़ी चुनौती बन गया।
अफवाहों ने स्थिति और बिगाड़ दी। कई वाहन चालक पेट्रोल खत्म हो जाने पर वाहन घसीटते नजर आए। अचानक बढ़ी मांग से जिले के 14 पेट्रोलपंपों पर पेट्रोल-डीजल का स्टॉक कुछ घंटों में ही खत्म हो गया।
जिला पूर्ति अधिकारी शशिकांत ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल-डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने अनावश्यक खरीद से बचने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।