. गौरीगंज इफको सेंटर पर किसानों की लगी कतार। संवाद
अमेठी सिटी। धान की फसल में पहली टॉप ड्रेसिंग के लिए मंगलवार को जिलेभर के खाद वितरण केंद्रों पर किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। कई किसानों को घंटों कतार में खड़े रहने के बाद भी यूरिया नहीं मिल सकी। इससे दिनभर किसान अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
गौरीगंज स्थित इफको केंद्र पर दोपहर करीब 1:20 बजे भी लाइन खत्म होने का नाम नहीं ले रही थी। केंद्र परिसर से बाहर तक कतार लगी थी। कोई आधार कार्ड हाथ में लिए खड़ा था तो कोई खाद की परची संभाले अपनी बारी का इंतजार कर रहा था। काउंटर पर बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद ही यूरिया दी जा रही थी, जिससे वितरण की रफ्तार धीमी रही। सुबह से पहुंचे कई किसानों को दोपहर तक भी खाद नहीं मिल सकी।
लाइन में लगे किसान रामकिशोर ने बताया कि वह सुबह 10 बजे से केंद्र पर हैं, लेकिन दोपहर तक भी नंबर नहीं आया। किसान रामकृष्ण तिवारी ने कहा कि धान की बढ़वार के लिए समय पर यूरिया मिलना जरूरी है। रामलखन ने बताया कि भीड़ अधिक होने से कतार बहुत धीरे आगे बढ़ रही है। राजबहादुर ने कहा कि बिना खाद लिए लौटने का मतलब अगले दिन फिर लाइन में लगना होगा, इसलिए किसान मजबूरी में इंतजार कर रहे हैं।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह निरंजन ने बताया कि जिले में 76 साधन सहकारी समितियों, चार इफको केंद्रों और 31 इफको फ्रेंचाइजी के माध्यम से यूरिया और डीएपी का वितरण कराया जा रहा है। पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है और मांग के अनुसार सभी केंद्रों पर लगातार आपूर्ति कराई जा रही है।