गौरीगंज (अमेठी)। प्रधानमंत्री आवास योजना में आवंटित लक्ष्य के अनुसार पहली, दूसरी व तीसरी किश्त निर्गत होने के बावजूद आवास पूर्ण नहीं हुए, न ही जियोटैगिंग की गई। परियोजना निदेशक आशुतोष दुबे ने आवास साफ्ट पर समीक्षा की मामला सामने आया।
समीक्षा में पंचायत सचिव रवि प्रकाश, हरिश्चंद्र, ओम प्रकाश दुबे व राम अभिलाष के कार्यक्षेत्र में शामिल गांवों को आवंटित आवास में बड़ी संख्या में अपूर्ण होने, वित्तीय वर्ष 2021-22 के छह माह बीत जाने के बावजूद पात्रता परीक्षण कर जियोटैग नहीं करने का मामला प्रकाश में आया।
पंचायत सचिव की ओर से बरती जा रही लापरवाही से नाराज परियोजना निदेशक ने सभी को नोटिस जारी कर तीन दिन में अधूरे पड़े आवासों को पूर्ण कराने, जियोटैग कराने तथा वित्तीय वर्ष में लक्ष्य के अनुसार आवास लाभार्थियों का सत्यापन कर किश्त निर्गत करने का निर्देश दिया है।
परियोजा निदेशक ने जवाब से संतुष्ट नहीं होने तथा आवास योजना में आपेक्षित प्रगति नहीं होने की दशा में प्रतिकूल प्रविष्टि के साथ विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है। परियोजना निदेशक की नोटिस सार्वजनिक होने के बाद पंचायत विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।