अमेठी सिटी। मौसम साफ होने के बाद भी रेल यात्रियों की परेशानी कम नहीं हो रही है। बृहस्पतिवार को पंजाब मेल, जनता व अर्चना एक्सप्रेस निरस्त रही तो साढ़े पांच घंटे देरी से गौरीगंज लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर आई। ट्रेनें निरस्त होने व विलंब से संचालित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गौरीगंज होकर प्रतिदिन हावड़ा से चलकर अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल, वाराणसी-देहरादून के बीच संचालित जनता एक्सप्रेस और जम्मूतवी-राजेंद्रनगर के बीच संचालित अर्चना एक्सप्रेस बृहस्पतिवार को निरस्त रही। ट्रेनों के निरस्त होने से सुबह आठ बजे के बाद शाम छह बजे तक लखनऊ जाने के लिए एक भी ट्रेन नहीं होने से यात्रियों को परेशानी हुई। इसके अतिरिक्त बालामऊ, हरदोई, बरेली, मुरादाबाद, रामपुर, सहारनपुर, अंबाला, लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, हरिद्वार व देहरादून के यात्रियों को अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी। यात्रियों ने टिकट निरस्त करवाते हुए नई तिथि का टिकट बुक करवाया।
प्रयागराज संगम के लिए संचालित लखनऊ-प्रयागराज संगम पैसेंजर भी साढ़े पांच घंटे देरी से गौरीगंज आई। पैसेंजर ट्रेन के विलंब से संचालित होने से संगम पर चल रहे महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ी। इसके अतिरिक्त योगनगरी एक्सप्रेस एक घंटे, देहरादनू-वाराणसी जनता एक्सप्रेस, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल डेढ़ घंटे और जनसाधारण एक्सप्रेस ढाई घंटे देरी से संचालित हुई। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि पंजाब मेल, जनता व अर्चना एक्सप्रेस हरदोई-बालामऊ स्टेशन के उच्चीकरण कार्य को पूरा करने के लिए निरस्त किया गया है। अन्य ट्रेनें परिहार्य कारण से विलंब से संचालित हुई हैं। यात्रियों को ट्रेन से जुड़ी जानकारी समय-समय पर दी जा रही है।