मुसाफिरखाना (अमेठी)। कस्बे में संचालित निजी अस्पताल में लापरवाही से प्रसूता की मौत के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने संचालक पर केस दर्ज किया है।
15 सितंबर 2023 को क्षेत्र के पूरे पहलवान निवासी आशीष पांडेय की पत्नी सुमन को प्रसव पीड़ा होने पर जनता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के बाद सुमन ने एक बच्ची को जन्म दिया। लेकिन ऑपरेशन के बाद सुमन की हालत बिगड़ने पर हॉस्पिटल ने उसे लखनऊ स्थित एक निजी अस्पताल के लिए रेफर दिया। परिजन प्रसूता को लेकर लखनऊ जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई थी।
प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने जनता हॉस्पिटल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर मृतका की मां करोरा देवी ने सुल्तानपुर न्यायालय में वाद दायर ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग की जांच में भी हॉस्पिटल संचालक के बयान और अस्पताल के रिकॉर्ड में भिन्नता पाई गई। इसके बाद कोर्ट ने मुसाफिरखाना पुलिस को केस दर्ज करने का आदेश दिया। एसएचओ विवेक सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर जनता हॉस्पिटल के संचालक संत प्रसाद तिवारी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।