अमेठी। अमेठी बस डिपो दूरदराज के गांवों तक सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए नई जनता बस सेवा शुरू करने जा रहा है। ग्रामीण इलाकों में अब तक नियमित आवागमन व्यवस्था न होने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को देखते हुए डिपो ने छोटी बसें चलाने की योजना तैयार की है। रूट चयन, वाहन परीक्षण और संचालन से संबंधित तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। सेवा शुरू होने की तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।
नई बसें शुकुलबाजार, जायस, तिलोई, ककवा, विशेशगंज और फुरसतगंज तक पहुंचेंगी। इन बाजारों में दैनिक जरूरतों से जुड़े कार्य होने से ग्रामीणों को समय पर आने-जाने का विकल्प मिल सकेगा। सेवा शुरू होने पर छात्रों, कामगारों, बुजुर्गों और छोटे कारोबारियों को नियमित और भरोसेमंद परिवहन उपलब्ध होगा।
अमेठी डिपो में निगम की 60 बसें और तीन अनुबंधित बसें हैं। इनमें से कुछ को जनता बस सेवा में शामिल कर ग्रामीण क्षेत्र के मार्गों पर भेजने की तैयारी की जा रही है। डिपो को पांच नई छोटी बसें मिल चुकी हैं, जिनका परीक्षण अंतिम चरण में है। इसी सप्ताह पांच और छोटी बसें मिलने की संभावना है। इनके शामिल होने से ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन का दायरा और बढ़ेगा। नई सेवा शुरू होने से निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और यात्रा का समय तथा खर्च दोनों घटेंगे।
डिपो इंचार्ज राकेश वर्मा ने बताया कि जनता बस सेवा से यात्रा सरल होगी। नियमित संचालन होने पर लोगों को विश्वसनीय परिवहन विकल्प मिलेगा। सभी तैयारियां पूरी होते ही बसों का संचालन ग्रामीण मार्गों पर शुरू कर दिया जाएगा।