अमेठी सिटी। माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज ने जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा के आयोजन के लिए 85 परीक्षा केंद्रों की दूसरी अनंतिम सूची जारी कर दी है। सूची जारी होने के साथ ही माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सभी इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को आवश्यक जानकारी भेज दी है। सूची पर 22 दिसंबर तक ऑनलाइन आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी।
पहले चरण में परिषद की ओर से 72 परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची जारी की गई थी। सूची जारी होने के बाद केंद्रों की दूरी और मानकों से संबंधित कुल 60 आपत्तियां प्राप्त हुई थीं। इनमें चार आपत्तियां परीक्षा केंद्र अधिक दूरी पर निर्धारित होने से जुड़ी थीं। प्राप्त आपत्तियों पर जिला स्तरीय समिति ने परीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की और परिषद सचिवालय भेजी।
रिपोर्ट के परीक्षण के बाद छह इंटर कॉलेजों को परीक्षा केंद्र सूची से बाहर किया गया, जबकि 19 नए इंटर कॉलेजों को शामिल किया गया है। मानक दूरी को ध्यान में रखते हुए संशोधित अनंतिम सूची बृहस्पतिवार को जारी की गई। अब जारी सूची पर पुनः ऑनलाइन माध्यम से आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद आपत्तियों का निस्तारण कर अंतिम सूची जारी की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि सूची पर आपत्तियां सचिव कार्यालय की मेल आईडी पर ऑनलाइन दर्ज की जा सकेंगी। प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी।