अमेठी सिटी। संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान के प्रभावी संचालन को परखने के लिए शुक्रवार को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग अयोध्या मंडल के अपर निदेशक डॉ. वीके वर्मा ने अमेठी सीएचसी और गांव टिकरिया का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित अफसरों को समयबद्ध सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर निदेशक ने टिकरिया में नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई और एंटी लार्वा छिड़काव का जायजा लिया। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं से दिमागी बुखार, टीबी, दस्त, कुपोषण जैसे रोगों की पहचान और जागरूकता गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने लक्षणयुक्त व्यक्तियों की सूची तैयार कर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर भेजने की हिदायत दी। ग्रामीणों से संवाद कर उन्होंने संचारी रोगों से बचाव के उपाय भी साझा किए। इस दौरान सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह, एसीएमओ डॉ. रामप्रसाद, जिला मलेरिया अधिकारी सुशील कुमार, सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजीव आदि मौजूद रहे।
अमेठी सीएचसी निरीक्षण के दौरान अपर निदेशक ने प्रसव कक्ष, एनबीएसयू, कोल्ड चेन, औषधि, इमरजेंसी और कैंटीन आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों से संवाद कर सुविधाओं की जानकारी ली। अधीक्षक डॉ. आलोक तिवारी को निर्देशित किया गया कि सभी कर्मचारी ड्रेस कोड व परिचय पत्र के साथ ड्यूटी करें और व्यवस्थाएं बेहतर हों।