अमेठी। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने विभिन्न समस्याओं को लेकर डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया। इसमें जिले की स्वास्थ्य सेवाएं, किसानों की समस्याएं और विद्युत समस्याएं ठीक नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष हरीश सिंह की अगुवाई में बुधवार को एक बैठक हुई। इसमें किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करने के बाद जिलाध्यक्ष की अगुवाई में किसानों ने डीएम को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम योगेंद्र सिंह को दिया। ज्ञापन में कोविड-19 संक्रमण काल में सरकारी अस्पतालों में इलाज के नाम पर मरीजों का शोषण करने तथा मरीजों की जांच व दवाएं बाहर से लिखे जाने का आरोप लगाते हुए जमकर कमीशन खोरी की बात कही गई है।
यह भी कहा गया है कि गंभीर मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों के नहीं होने की बात कहकर उन्हें प्राइवेट अस्पतालों में जाने की सलाह दी जाती है। कार्यकर्ताओं ने उक्त प्रकरण की जांच कराकर सरकारी अस्पतालों में चिकित्सा व्यवस्था दुरुस्त कराए जाने एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती कराए जाने की मांग की है। जिले में छुट्टा मवेशी एवं तना छेदक रोग, खैरा रोग के चलते किसानों की फसल बर्बाद होने तथा छुट्टा मवेशियों से आए दिन हो रही सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत होने की बात कही गई है।
बेनीपुर विद्युत उपकेंद्र के गांव महुआबोझी में जर्जर विद्युत तार एवं पोल को बदले जाने व विद्युतीकरण कराए जाने, शहर के ककवा रोड़ पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के लिए संघर्षरत रहे किसान नेता स्वर्गीय प्रमोद मिश्रा के नाम पर फ्लाईओवर ब्रिज का नाम रखे जाने की मांग किसानों ने उठाई है। इस मौके पर मंगरु सरोज, बृजेश कुमार मिश्रा, गुड्डा देवी, अमित कुमार यादव, संतोष कुमार यादव, शिवम मिश्रा, धीरेंद्र कुमार, जीतेंद्र कुमार व राकेश मौजूद रहे।