अमेठी। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार रात सर्वाधिक 90 संक्रमित मिलने के बाद मंगलवार रात को मुसाफिरखाना के पिडंारा महाराज में 14 ग्रामीण समेत 65 स्थानीय लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। गांव में एक साथ 14 संक्रमित मिलने के बाद लोगों में हड़कंप मचा हुआ है तो जिला प्रशासन ने संक्रमित क्षेत्र को सील कर सैनिटाइजेशन के साथ बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है।
पंच मई से प्रवासी श्रमिकों के संक्रमित होने के बाद जिले में शुरू हुआ कोरोना संक्रमण का सिलसिला जिले में थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार तक जिले में 1,648 के कोरोना संक्रमित होने के साथ 11 की मौत हो चुकी है।
संक्रमण पर नियंत्रण करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से तीन दिन में अलग-अलग स्थानों से आरटीपीसीआर, एंटीजन व ट्रूनाट मशीन से 1,530 संभावित संक्रमितों की जांच कराई गई। मंगलवार रात मिली रिपोर्ट में 1,390 की निगेटिव तो 75 सैंपल के लीक होने के साथ 65 के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
रिपोर्ट में मुसाफिरखाना के पिंडारा महाराज गांव में एक परिवार के चार सदस्य समेत 14 ग्रामीण तो जगदीशपुर के इंडोगल्फ कॉलोनी में आठ व सीएचसी तिलोई व विद्युत उपकेंद्र अमेठी के दो-दो कर्मियों समेत 65 स्थानीय संक्रमित हुए है।
रिपोर्ट के अनुसार, जगदीशपुर ब्लॉक के अलग-अलग गांव के दस, अमेठी ब्लॉक के नौ, गौरीगंज ब्लॉक के आठ, शाहगढ़ व जामो ब्लॉक के पांच-पांच, बहादुरपुर ब्लॉक के छह, मुसाफिरखाना ब्लॉक में 15, संग्रामपुर, तिलोई व सिंहपुर ब्लॉक के दो-दो तथा बाजारशुकुल ब्लॉक के एक स्थानीय नागरिक कोरोना संक्रमित हुए हैं।
पिंडारा महाराज व इंडोगल्फ में एक साथ बड़ी संख्या में संक्रमित मिलने के बाद लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने संक्रमित क्षेत्र की सीमा सील कर प्रोटोकॉल के तहत बचाव कार्य के लिए मजिस्ट्रेट की अगुवाई में टीम गठित की है।
गठित टीम बुधवार को संक्रमित क्षेत्र में सैनिटाइजेशन, थर्मल स्क्रीनिंग व संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान के साथ डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ लोगों को जागरूक करने में जुटी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, जिले में अब तक 1,648 के संक्रमित होने के साथ 1,167 के सही होने व 11 की मौत तथा वर्तमान में 470 संक्रमितों के होम आइसोलेट व अस्पताल में उपचारित होने की पुष्टि की गई है।