गौरीगंज (अमेठी)। पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में निरंतर वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता शुक्रवार को सड़क पर उतर पड़े। कांग्रेस व उसके अनुषांगिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जिले के सभी पेट्रोल पंपों के सामने धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने पेट्रो पदार्थों में निरंतर वृद्धि को केंद्र सरकार की सार्वजनिक लूट करार दिया।
जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल की अगुवाई में धरना के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि ईंधन की कीमतों में यह ऐतिहासिक और निरन्तर वृद्धि ऐसे समय में हो रही है जब नागरिक कोविड-19 की दूसरी लहर के प्रभाव से जूझ रहे हैं। देश के कई हिस्सों में पेट्रोल की कीमतें 100 रुपये और डीजल की कीमतें 90 रुपये प्रति लीटर का आंकड़ा पार कर गई हैं। इससे लगभग सभी घरेलू सामानों और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अप्रत्याशित वृद्धि होना निश्चित है। 13 महीने में पेट्रोल और डीजल में क्रमश: 25.72 और 23.93 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है। विरोध प्रदर्शनों के दौरान पेट्रोल की कीमतों में हो रही निरन्तर वृद्धि एवं अभूतपूर्व आर्थिक मंदी, व्यापक बेरोजगारी भत्तों में कटौती व खत्म होती नौकरियों तथा आसमान छूती कीमतों के बोझ तले दबे लोगों पर उसके प्रभाव सम्बन्धी मुद्दों को भी उठाया गया।