अमेठी। लखनऊ-वाराणसी रेल ट्रैक पर कादूनाला स्थित शहीद स्मारक के पास स्वीकृत अंडरपास को लेकर शुरू हुआ विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। अंडरपास का विरोध करने वाले ग्रामीणों ने गुरुवार को कादूनाला पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे एसडीएम संजीव त्रिवेदी से मुलाकात की।
भाजपा नेता प्रदीप सिंह के नेतृत्व में एसडीएम से मिलने वाले ग्रामीणों ने कहा कि अंडरपास बनने से भाले सुल्तान शहीद स्मारक का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। शहीदों का सम्मान देखते हुए इस राष्ट्रीय धरोहर को क्षतिग्रस्त होने से बताया जाए। अंडरपास बनने से शहीद स्मारक का पूरा क्षेत्र प्रभावित होगा। इसके अलावा कादूनाला थौरी मार्ग जो नेवादा, गाजनपुर, उमरा, डेहरियावां, तिरहुत, हलियापुर, पिपरी व कांपा आदि ग्राम पंचायतों को जोड़ता है इस पर आवागमन भी बाधित हो जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि वे पूर्व में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को ज्ञापन भेजकर यहां फ्लाई ओवर बनवाने की मांग कर रहे हैं। किसी भी दशा में जनता के हित की बलि चढ़ाकर अंडरपास का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा।