गौरीगंज (अमेठी)। क्षेत्र के पूरे हेम सिंह रेशी में ग्रामीणों के पांच दिवसीय धरने के बाद पावर कार्पोरेशन ने नई लाइन बिछाते हुए कनेक्शन के साथ मीटर लगाए थे। बिलजी का उपभोग करने के बाद ग्रामीणों को बिल नहीं मिला तो वे उपकेंद्र का चक्कर लगाने लगे। इसी बीच ग्रामीणों से पावर कापोरेशन के कर्मी धन उगाही के साथ उनका उत्पीड़न करने लगे तो सोमवार को ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे दिया। रीता सिंह जनकल्याण समिति के बैनर तले सोमवार को ग्रामीणों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक सभी उपभोक्ताओं को बिजली कनेक्शन के वैध अभिलेख नहीं मिलते तथा उत्पीड़न करने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती वह धरना समाप्त नहीं करेंगे। धरने में रीता सिंह, ज्ञानवती, भानमती, ऊषा, कमलेश, सरस्वती, संतोषा समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।