विकास भवन स्थित समाज कल्याण विभाग में बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण कराते प्रधानाचार्य
अमेठी सिटी। छात्रवृत्ति वितरण से पहले इंटर व डिग्री कॉलेजों के प्रधानाचार्य बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण के लिए समाज कल्याण विभाग पहुंचे। इस दौरान बार-बार सर्वर डाउन होने से प्रधानाचार्य परेशान रहे। मंगलवार तक 55 कॉलेजों का ही प्रमाणीकरण कार्य हो सका।
छात्रवृत्ति का फर्जीवाड़ा रोकने के लिए सरकार ने प्रत्येक विद्यार्थी का बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। समाज कल्याण अधिकारी के माध्यम से जिले के करीब 300 कॉलेजों के प्रधानाचार्य या नोडल का प्रमाणीकरण किया जा रहा है। बाद में यही जिम्मेदार संबंधित कॉलेज या विद्यालय में बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण कराएंगे। इसके बाद ही किसी विद्यार्थी को छात्रवृत्ति मिल सकेगी।
विकास भवन के समाज कल्याण विभाग कार्यालय से लेकर सभागार तक भारी संख्या में प्रधानाचार्य व प्राचार्य मौजूद रहे। कई लोगों ने बताया कि वह बीते दो दिनों से विकास भवन पहुंच रहे हैं, लेकिन सर्वर की समस्या से कार्य पूरा नहीं हो पा रहा है। जिला समाज कल्याण अधिकारी मनोज कुमार शुक्ल ने बताया कि बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण का कार्य पूरे प्रदेश में एक साथ किया जा रहा है। ऐसे में सर्वर की समस्या आ रही है। प्रमाणीकरण के कार्य में चार कंप्यूटर ऑपरेटरों को लगाया गया है।