जामों के दीवान का पुरवा गांव में कव्वाली गायन करते कलाकार।
जामो (अमेठी)। बाबा शहीद मर्द की मजार पर 25वां सालाना उर्स सोमवार की रात शिद्दत से मनाया गया। उर्स में हिंदू-मुस्लिम समुदाय के जायरीन ने बाबा की मजार पर चादर चढ़ाकर परिवार व समाज की भलाई की दुआएं मांगीं। दूरदराज से आए कव्वालों ने बाबा की शान में कसीदे पढ़े।
कटारी के पूरे दीवान का पुरवा गांव में बाबा शहीद मर्द की मजार है। उनकी याद में यहां प्रति वर्ष 21 अक्तबूर की रात उर्स का आयोजन होता है। सोमवार की रात उर्स में आसपास के अलावा दूरदराज के हिंदू-मुस्लिम समाज के लोग पहुंचे और बाबा की मजार पर चादर चढाई। उर्स में जायरीन की भीड़ जुटी रही। मजार पर चादर चढ़ाने वालों में महिलाओं की भी बड़ी तादाद थी।
देर रात कव्वाली का कार्यक्रम हुआ। अयोध्या से आए कव्वाल कयूम चिश्ती ने अपनी टीम के साथ चाहे पूजा करो या इबादत करो, दिल लगाने की सबकी अदा एक है... की प्रस्तुुति देकर समाज को एकजुटता का संदेश दिया। सुल्तानपुर से आए कव्वाल कुदरत अली वारिसी ने हमारे दिल में अली-अली है, हमारी निसबत हुसैन से है, नहीं जमाने का खौफ मुझको, हमारी ताकत जब हुसैन से है... सुनाकर लोगों की वाहवाही लूटी। कार्यक्रम के आयोजक बाबा अहमद शाह वारिसी ने आगंतुकों के प्रति आभार प्रकट किया। इस मौके पर अशोक कुमार त्रिपाठी, राजेंद्र प्रताप सिंह, मेराज अहमद, गुड्डू तिवारी, लवकुश कुमार, मो. मोबीन आदि मौजूद रहे।